Showing posts with label Festival Recipes. Show all posts

ध्यान रखने योग्य बिन्दु  :- 
  • आटा गूंथते समय ध्यान रखें कि यह ज्यादा सख्त या ज्यादा नरम नही होना चाहिए.
  • पूरी अच्छी तैयार करने के लिए, आटे को मसल-मसल कर चिकना होने तक गूंथे.
  • पूरी को किनारे से बेलें तो अच्छी बेली जायेंगी. एक जैसी पूरी बेलें. पूरी कहीं से मोटी या कहीं से पतली बेली जाए तो अच्छे से नहीं फूलती.
  • पूरी तलने के लिए घी या तेल अच्छा गरम होना चाहिए.

पूरियां बनाने के लिए आवश्यक सामग्री - 

  • आटा - 2 कप (300 ग्राम)
  • नमक - ½ छोटी चम्मच या स्वादानुसार
  • घी - तलने के लिए

How Can Make Puffed and Soft  Poori -

कैसे बनाये कुरकुरी और मुलायम पूरियां ?

विधि :-

एक बड़े प्याले में आटा निकाल लीजिए. आटे में नमक और 2 चम्मच घी डालकर अच्छे से मिक्स कर लीजिए. अब थोड़ा थोडा़ पानी डालते हुए सख्त आटा गूंथ कर तैयार कर लीजिए. आटे को ढककर के 20-25 मिनिट के लिए रख दीजिए, आटा सैट होकर तैयार हो जाएगा. 
आटा सैट होकर तैयार है, हाथ पर थोडा़ सा घी लगाकर आटे को मसल-मसल कर चिकना कर लीजिए. आटे से छोटी-छोटी लोईयां तोड़कर तैयार कर लीजिए. अब एक लोई को हथेली पर रख कर गोल पेडे का आकार दीजिए. इसी तरह से सारी लोईयों से पेड़े तैयार कर लीजिए और इन्हें ढक कर रख दीजिए ताकि ये सूखे नहीं.
पूरी बनाने के लिए कढ़ाई में घी डालकर गरम कीजिये. अब एक लोई उठाइये और चकले बेलन को थोडा़ सा तेल लगाकर चिकना कीजिए. लोई को चकले पर पर रखिये और गोल एक समान पूरी बेलिये. पूरियां बीच में पतली न हों इसलिये इन्हें किनारे से बेलें तो अच्छी बेली जायेंगी.

घी गरम हो गया है, चैक कर लीजिये. इसे चैक करने के लिये घी में थोड़ा सा आटा तोड़कर डालिये, आटा सिककर ऊपर उठकर आना चाहिये, घी गरम है, पूरी तलने के लिये अच्छा गरम घी चाहिए. गरम घी में पूरी तलने के लिये डालिये, पूरी को कलछी से दबा कर फुलाइये और पलट-पलट कर गोल्डन ब्राउन होने तक तल कर, प्लेट पर निकाल रख लीजिये. सारी पूरी इसी तरह फ्राय कर तैयार कर लीजिये. इतने आटे में लगभग 20 पूरी बनकर के तैयार हो जाती हैं.
गरमा गरम पूरी को मटर पनीर, मटर आलू या अपनी मनपसंद सब्जी के साथ परोसिये और खाईये.

        काला जामुन सबसे ज्यादा पसन्द की जाने वाली मिठाई में से एक है, इसे काला जाम भी कहते हैं, काला जामुन और गुलाब जामुन एक ही तरह से बनाये जाते हैं, लेकिन काला जामुन की बाहरी परत हल्की सख्त और गहरे रंग की होती है. यह बाहर से सख्त और अंदर से ड्रायफ्रूट्स और रसभरे होते है.

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Kala Jamun Gulab Jamun

  • खोया - 2 कप (400 ग्राम)
  • पनीर - 125 ग्राम या आधा कप
  • मैदा - ½ कप ऊपर तक भरा हुआ (75 ग्राम)
  • चीनी - 1 किलो (4 कप ऊपर तक भरे)
  • सूजी - 1 टेबल स्पून (10 ग्राम)
  • काजू - 6-7 (1 टेबल स्पून) (बारीक कटे हुए)
  • बादाम - 6-7 (1 टेबल स्पून) बारीक कटे हुए
  • चिरौंजी - 1 टेबल स्पून
  • इलायची - 4 (दरदरी कूटी हुई)
  • फूड कलर - 1 पिंच
  • बेकिंग पाउडर - ¼ छोटी चम्मच
  • घी - काला जामुन तलने के लिए

विधि - how to make kala jamun

पनीर को प्लेट में निकाल कर क्रम्बल कर लीजिए, इसमें सूजी और बेकिंग पाउडर डालकर मसल-मसल कर अच्छे से मैश कीजिए. पनीर सोफ्ट हो जाने पर इसमें खोया और मैदा डालकर मिला दीजिए और हथेली की मदद से इसे अच्छे से मसलते हुए नरम कीजिए. मिश्रण के अच्छा नरम होने पर गोले बनाने के लिए मिश्रण तैयार है.
                                           स्टफिंग बनाएं
स्टफिंग के लिए चिरौंजी, बारीक कटे हुए काजू, बारीक कटे हुए बादाम, दरदरी कूटी हुई इलायची और 1 छोटी चम्मच चीनी डाल दीजिए. अब खोया-पनीर के मिश्रण से 2 चम्मच मिश्रण इस स्टफिंग में डालकर अच्छे से मिला दीजिए. इसमें थोडा़ सा फूड कलर डालकर सारी चीजों को अच्छे से मिलने तक मिला लीजिये.



                                                    चाशनी बनाए
एक बर्तन में 1 किलो चीनी और आधा लीटर पानी मिलाकर आग पर चाशनी बनने के लिये रखिये. चाशनी में जब उबाल आ जाय, चीनी पानी में घुल जाने तक पकाएं. चाशनी के घोल से लेकर 1-2 बूंद प्लेट में टपकायें. अंगूठे और अंगुली के बीच चिपका कर देख लीजिए, चाशनी उंगली और अंगूठे के बीच चिपकनी चाहिये, चाशनी बनकर तैयार है, गैस बंद कर दीजिए और चाशनी को उतार कर स्टैंण्ड पर रख दीजिए.
काला जामुन बनाकर तलिये
कढ़ाई में घी डाल कर गरम कीजिये. जामुन तलने से पहले टैस्ट कीजिये की कहीं काला जामुन फट तो नहीं रहा है.
मिश्रण से थोड़ा मिश्रण लेकर गोल कीजिये और उसे गोल बना कर तैयार कर लीजिए, तलने के लिये मीडियम गरम घी में डालिये, और घी को काला जाम के ऊपर उछालते हुये और काला जाम को घुमाते हुये, उसे अच्छा गोल्डन ब्राउन होने तक तल लीजिये.  अगर यह काला जामुन घी में बिखरता है तो मिश्रण में थोड़ी मैदा और मिला दीजिये ताकि यह काला जामुन तलते समय बिखरे नहीं. पहले एक काला जामुन तल कर मिश्रण चैक करना सही रहता है.




मिश्रण को छोटे छोटे भागों में बांट लीजिये, एक टुकड़ा उठाइये, हाथ पर रखिये और उसे थोड़ा चपटा कर लीजिये, थोड़ी सी स्टफिंग उसके ऊपर रखिये और मिश्रण को सारी ओर से उठाकर बन्द कर दीजिये, और दोंनों हथेलियों की सहायता से उसे अच्छा गोल कीजिये, प्लेट में रख दीजिये, इसी तरह 10-15 गोले बनाकर तैयार कर लीजिये. तैयार गोलों को कढ़ाई में डालें और तलें. गैस की फ्लेम धीमी रखें, घी मीडियम गरम हो, काला जामुन को तलते समय उस पर कलछी न लगायें बल्कि गरम गरम घी उस पर कलछी से डालें और हल्के ब्राउन होने तक इन्हें धीमी आंच पर तलें जब यह ब्राउन हो जाएं तब इन्हें डार्क ब्राउन करने के लिए आग तेज कर दीजिए और ऊपरी डार्क ब्राउन होने तक जामुन को थोड़ी देर और तल लीजिये. तले हुये काला जामुन कढ़ाई से निकाल कर चाशनी में डुबा दीजिये. इसी तरह सारे मावा के गोले बनाकर, तल कर चाशनी में डाल कर डुबा दीजिये.
तले हुये काला जामुन को चाशनी में 2-3 घंटे तक डूबे रहने दीजिए. काला जामुन मीठा रस सोखकर मीठे और स्वादिष्ट हो जायेंगें. तब इन्हें खाया जा सकता है पर इनका असली स्वाद दूसरे दिन आता है जब रस पूरी तरह से इनमें समा जाता है.
काला जामुन को बाहर रखकर 8- 10 दिन और फ्रिज में  रखकर 15-20 दिन तक खाया जा सकता है.

सुझाव
  • मावा और पनीर के मिश्रण को अच्छी तरह मसल मसल कर अच्छा नरम कर लीजिए. मिश्रण से गोला बनाकर देखिये, गोला में क्रेक्स नहीं आने चाहिये, अगर गोले में क्रेक आ रहे हों तो मिश्र्ण को और मलना चाहिये.
  • काला जामुन तलने के लिए घी ज्यादा ही लें क्योंकि घी कम होने पर यह अच्छे चारों ओर एक जैसे नहीं सिकते, और फूलते भी नहीं हैं, पिचके से रह जाते हैं.
  • काला जामुन तलने के लिये घी मीडियम गरम होना चाहिये, घी ज्यादा गरम होने पर काला जामुन जल जायेंगे और घी बहुत ही हल्का गरम होने पर वे घी में बिखर सकते हैं.
  • 35-40 काला जामुन बनाने के लिये
  • समय - 70 मिनिट

सामग्री जिसकी आवश्यकता है - Ingredients for namkeen roasted poha namkeen
पोहा - 3 कप (200 ग्राम)
मूंगफली के दाने - 1 कप (150 ग्राम)
सूखा नारियल - 60-70 ग्राम पतले टुकड़े कटे हुये
तेल - 2-3 टेबल स्पून
हरी मिर्च - 2 ( बारीक कटी हुई)
हल्दी पाउडर - ½ छोटी चम्मच
नमक - 1 छोटी चम्मच या स्वादानुसार
करी पत्ता - 10-12
चीनी पाउडर - 2 छोटी चम्मच
किशमिश - 2 टेबल स्पून
पोहा कैसे बनाये - How to make namkeen roasted poha
सबसे पहले पोहा रोस्ट कर लीजिए. पोहा कढाई में डाल दीजिए और लगातार चलाते हुये, हल्का सा कलर चेंज होने तक और हल्के से क्रिस्प होने तक भून लीजिये. पोहा 4-5 मिनिट में भून कर तैयार हो जाता है. पोहा रोस्ट करके प्याले में निकाल लीजिए.
कढाई में 2-3 टेबल स्पून तेल डालकर हल्का सा गरम कीजिए. तेल गरम होने पर मूंगफली के दाने डाल कर लगातार चलाते हुए मूंगफली के दानों को हल्का कलर बदलने और क्रिस्पी होने तक भून लीजिये और दानों को भी प्याले में निकाल लीजिए.
नारियल को तेल में डालकर हल्का सा कलर चेन्ज होने तक भून लीजिए, और इसे भी प्याले में निकाल लीजिए.
कढाइ में बचे हुए तेल में बारीक कटी हुई हरी मिर्च और करी पत्ता डाल कर भून लीजिए. हल्दी पाउडर और किशमिश डालकर हल्का सा भून लीजिए और अब इस मसाले में रोस्ट करके रखा हुआ पोहा, नारियल, मूंगफली के दाने, नमक और चीनी पाउडर डालकर सभी चीजों को अच्छे से मिलाते हुये, धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए 2 मिनिट भून लीजिए. रोस्टेड पोहा नमकीन बनकर तैयार है, गैस बंद कर दीजिए.
तैयार पोहा नमकीन को प्याले में निकाल लीजिए. पोहा नमकीन को एकदम ठंडी होने के बाद किसी भी एअर टाइट कन्टेनर में भर कर रख लीजिये और 2-3 महिने तक जब भी मन चाहे, खाइये.
नमकीन - 450 ग्राम
समय - 20 मिनिट
Copyright © 2009-12 Dhanu Khatri - Indian Vegetarian Dishes Recipes.